महासमुन्द

खैर लकड़ी का अवैध परिवहन करते ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, आरोपी पर मामला दर्ज
16-Jun-2026 4:10 PM
खैर लकड़ी का अवैध परिवहन करते  ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, आरोपी पर मामला दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 16 जून। पिथौरा वन विभाग ने सांकरा वन क्षेत्र के अंतर्गत बोइरडीह बीट से अवैध रूप से परिवहन की जा रही खैर प्रजाति की लकड़ी और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। वन विभाग ने इस मामले में एक आरोपी के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।

नवपदस्थ वन परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) अंतरंग पांडे ने बताया कि शनिवार, 13 जून  को नियमित गश्त के दौरान वन कर्मियों ने बोइरडीह के जंगल में खैर की लकड़ी से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली देखी। विभागीय कर्मचारियों की मदद से उक्त ट्रैक्टर को सांकरा उप वन परिक्षेत्र कार्यालय लाया गया और उच्च अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई।

वन विभाग की टीम ने आरोपी हुपराम भारद्वाज, ग्राम भैरवपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी से ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक सीजी 06 एफ 8307 में रखी 28 नग खैर प्रजाति के आर.टी.एल. ल_े (0.921 घनमीटर) और लगभग 01 चट्टा खैर प्रजाति की जलाऊ लकड़ी के परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा लकड़ी के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज या टीपी (परिवहन अनुज्ञापत्र) प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके पश्चात आरोपी के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धारा 26 (1) सहपठित धारा 20 (4) तथा छत्तीसगढ़ वनोपज (व्यापार विनियमन) नियम, 2001 के नियम 3 के अंतर्गत पी.ओ.आर. क्रमांक 22700/01 दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

जब्त की गई लकड़ी और ट्रैक्टर को वन परिसर पिथौरा में सुरक्षित रखवाया गया है।


अन्य पोस्ट