महासमुन्द
महासमुंद,15जून। सूबेदार, उपनिरीक्षक एवं प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा 2026 की तैयारी को सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन महासमुंद द्वारा संचालित नवकिरण अकादमी में प्रथम मेगा टेस्ट का आयोजन किया गया। यह आयोजन कलेक्टर महासमुंद विनय कुमार लंगेह के मार्गदर्शन, अपर कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी रवि साहू तथा जिला शिक्षा अधिकारी बी एल देवांगन के दिशा-निर्देशन में आहुत हुआ। जारी विज्ञप्ति में डी. बसंत साव जिला समन्वयक नवकिरण अकादमी ने जानकारी दी है कि इस टेस्ट में कुल 300 अंकों के 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए। प्रश्न पत्र में भारत का इतिहास, भूगोल, भारतीय संविधान, अर्थव्यवस्था, सामान्य विज्ञान, भारतीय दर्शन,कला, साहित्य एवं संस्कृति, समसामयिक घटनाक्रम, पर्यावरण, छत्तीसगढ़ का सामान्य ज्ञान, कंप्यूटर, रीजनिंग, गणित, हिंदी एवं अंग्रेजी जैसे महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया।


