महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,15 जून। जिले के बसना क्षेत्र के अधीन भंवरपुर स्थित श्याम हॉस्पिटल के समीप गत 12 जून को हुए सडक़ हादसे में गंभीर रूप से घायल एक युवक की मौत हो जाने के मामले में पुलिस ने अब आरोपी मोटर साइकिल चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बसना क्षेत्र निवासी शिवा देवांगन 12 जून की शाम अपने मित्रों मिन्सु और डेंटी के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 08 एचए 1544 से घूमने निकला था। शाम करीब 7.30 बजे जब वे भंवरपुर स्थित श्याम हॉस्पिटल के पास पहुंचे, तभी सामने की ओर से आ रही मोटर साइकिल सुपर स्प्लेंडर क्रमांक सीजी 06 जीक्यू 9541 के चालक ने कथित रूप से लापरवाही एवं तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए उनकी मोटर साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवा देवांगन सहित उसके दोनों साथी सडक़ पर गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए श्याम हॉस्पिटल भंवरपुर ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने शिवा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रायपुर रेफर कर दिया। परिजनों द्वारा शिवा को आगे उपचार के लिए ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। इसके बाद उसे बसना शासकीय अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि दुर्घटना आरोपी मोटर साइकिल चालक की लापरवाही पूर्ण वाहन चलाने के कारण हुई। मामले में पुलिस ने सुपर स्प्लेंडर मोटर साइकिल क्रमांक सीजी 06 जीक्यू 9541 के चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 106-1, 281 एवं 125 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।


