महासमुन्द

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे, भाजपा का विशेष जनसंपर्क अभियान
14-Jun-2026 5:29 PM
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे, भाजपा का विशेष जनसंपर्क अभियान

विकास कार्यों की दी जानकारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 14 जून।
भाजपा प्रदेश एवं जिला संगठन के निर्देशानुसार उपाध्यक्ष जिला पंचायत महासमुंद भीखम सिंह ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा मंडल बागबाहरा शहर द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया गया।
अभियान के अंतर्गत बागबाहरा शहर के प्रबुद्धजनों एवं व्यवसायियों से भेंट कर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, ऐतिहासिक उपलब्धियों एवं विकास कार्यों की जानकारी साझा की गई। इस दौरान वरिष्ठ व्यवसायी अशोक चंद्राकार जी, नरेश नरेडिया जी, बलबीर सिंह जी सहित अनेक गणमान्य नागरिकों से आत्मीय संवाद कर उन्हें श्रीफल एवं स्मृति भेंट प्रदान कर सम्मानित किया गया।
साथ ही बागबाहरा-खरियार रोड राष्ट्रीय राजमार्ग सहित क्षेत्र में हुए विकास कार्यों एवं अधोसंरचना के विस्तार को लेकर भी जनसंपर्क किया गया। इस अवसर पर भीखम सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विश्वास, विकास, सुशासन एवं गरीब कल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है, ताकि आमजन इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ प्राप्त कर सकें।
इस अवसर पर भाजपा बागबाहरा शहर मंडल महामंत्री अतुल गंडेचा, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला महासमुंद के आबिद खान , हरमीत बग्गा, पुरन शबर, हीरा साहू सहित अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
 


अन्य पोस्ट