महासमुन्द

तालाब में जहर, अज्ञात के खिलाफ जुर्म दर्ज
14-Jun-2026 4:37 PM
तालाब में जहर, अज्ञात के खिलाफ  जुर्म दर्ज

केसरीपुुर के ग्रामीणों को निस्तारी के लिए दूसरे गांवों के तालाब का सहारा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,14 जून।
बसना क्षेत्र स्थित सांकरा थाना के ग्राम केसरीपुर में तालाब में कथित रूप से कीटनाशक दवा डालकर लाखों रुपए मूल्य की मछलियों को मारने के मामले में अब पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ  अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि 7-8 जून की दरम्यानी रात हुई इस घटना ने न केवल मछली पालकों को आर्थिक रूप से भारी नुकसान पहुंचाय है, बल्कि गांव के एकमात्र प्रमुख निस्तारी तालाब के प्रभावित होने से ग्रामीणों के सामने निस्तारी की गंभीर समस्या भी खड़ी हो गई है।
जानकारी अनुसार स्थिति ऐसी है कि ग्रामीणों को निस्तारी के लिए अब दूसरे गांवों का रूख करना पड़ रहा है। कल शनिवार को ग्राम केसरीपुर के लोग बड़ी तादाद में एकत्रित हुए और सांकरा थाना जाकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ  रिपोर्ट दर्ज करवाई है।   ग्राम केसरीपुर निवासी रामदाऊ पटेल ने थाना में शिकायत दर्ज कराई है कि उनके तथा उनके चाचा परमानंद पटेल, चुड़ामणि पटेल और मोहन लाल पटेल के नाम पर लगभग 10 एकड़ क्षेत्रफल का तालाब है। जहां मछली पालन किया जाता है।
शिकायत अनुसार 7 जून से 8 जून 2026 की रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने तालाब में क ीटनाशक दवा डाल दी। जिससे तालाब की सारी मछलियां और अन्य जीव जन्तु मर गये। पीडि़त पक्ष ने इस घटना से लगभग तीन लाख रुपए के नुकसान का दावा किया है। घटना के बाद तालाब के पानी के जहरीला होने की आशंका से ग्रामीणों ने उसमें नहाना, धोना, निस्तारी बंद कर दिया है।
इस भीषण गर्मी में गांव के प्रमुख जलस्त्रोत के प्रभावित होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने जानकारी दी है कि उन्हें दैनिक निस्तारी के लिए दूसरे गांवों में जाना पड़ रहा है। जिससे विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध बीएनएस की धारा 279, 324-5 एवं 325 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।


अन्य पोस्ट