महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,14 जून। सडक़ हादसों को रोकने और यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए हाईवे पेट्रोलिंग टीम द्वारा ब्लैक और ग्रे स्पॉट्स की चौबीसों घंटे निगरानी करेंगी। महासमुंद जिले में सडक़ सुरक्षा के मद्देनजर ग्रामीण और शहरी इलाकों में हेलमेट, सीट बेल्ट एवं यातायात नियमों की अनदेखी रोकने के लिए विशेष चेकिंग अभियान लगातार जारी है। स्कूली बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर जिले की 92 स्कूल बसों का भौतिक सत्यापन किया गया है। इस दौरान कमियां मिलने पर दो बसों पर जुर्माने की कार्रवाई की गई है।
महासमुंद शहर में बीते एक हफ्ते में बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाने वाले 2,186 चालकों पर ई.चालान के जरिए 10लाख, 93 हजार रुपए जुर्माने की कार्रवाई की गई है। अत्यधिक तेज गति से वाहन चलाने वाले 36 चालकों के विरुद्ध ओवरस्पीडिंग की कार्रवाई करते हुए 36 हजार रुपए का समन शुल्क वसूला गया तथा सडक़ सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया गया है.
इसी तरह अवैधानिक रूप से खड़ी 25 वाहनों पर नो पार्किंग की कार्यवाही कर 75 सौ रुपए समन शुल्क जारी किया गया। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विगत एक सप्ताह के दौरान साप्ताहिक बाजारों में 13 जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर 2हजार से अधिक ग्रामीणों व आम नागरिकों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई।
शहरी क्षेत्रों में हेलमेट व सीट बेल्ट का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर ई.चालान की कार्रवाई की जा रही है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के दुर्घटना संभावित ब्लैक और ग्रे स्पॉट्स पर विशेष निगरानी रखते हुए निरंतर यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रतिदिन ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में फिक्स चेकिंग पॉइंट स्थापित कर दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों की जांच की जा रही है। वाहन चालकों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के महत्व की जानकारी देकर यातायात नियमों का पालन करने हेतु जागरूक किया जा रहा है।
विगत एक में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र में लगने वाले साप्ताहिक हाट.बाजारों, चौंक चौराहों, सार्वजनिक स्थानों में जाकर 13 कार्यक्रम आयोजित कर 2000 से अधिक लोगों को यातायात नियमों संबंधी जानकारी देकर जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त माल वाहक वाहनों में अवैध रूप से सवारी परिवहन करने वाले वाहन चालकों पर विशेष निगरानी रखते हुए मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। ऐसे वाहनों में सवारी परिवहन किए जाने से गंभीर सडक़ दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है, जिसके दृष्टिगत सख्त कार्रवाई की जा रही है। विगत एक सप्ताह में कुल 11 माल वाहक वाहनों पर कार्यवाही की गई।
यातायात पुलिस द्वारा ब्रीथ एनालाइजर मशीन के माध्यम से वाहन चालकों की जांच भी की जा रही है। जांच के दौरान शराब सेवन कर वाहन चलाते पाए जाने वाले चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
नशे की स्थिति में वाहन संचालन सडक़ दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है,जिसे रोकने हेतु अभियान निरंतर जारी रहेगा।
महासमुंद पुलिस ने जिले के आम नागरिकों से अपील की है कि स्वयं एवं अपने परिवार की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। नशे की अवस्था में वाहन संचालन न करें तथा माल वाहक वाहनों में सवारी परिवहन से बचें। स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए सडक़ सुरक्षा नियमों को अपनाएं व पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट व चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें। अनियंत्रित गति व नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाने से बचें।


