महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 जून। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा है कि नगर के उद्यानों एवं सार्वजनिक पार्कों के बेहतर रखरखाव तथा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से परिषद द्वारा उद्यानों के रखरखाव का दायित्व महिला स्वसहायता समूहों को सौंपने के प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। पालिकाध्यक्ष श्री साहू ने बताया कि महिला समूहों को जिम्मेदारी दिए जाने से जहां उद्यानों की नियमित देखभाल, स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण सुनिश्चित होगा, वहीं महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आय के अवसर भी प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि परिषद की प्राथमिकता शहर के सभी उद्यानों को स्वच्छ, हरित एवं नागरिकों के लिए आकर्षक बनाना है। उन्होंने प्रभारी अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि इस संबंध में आवश्यक कार्ययोजना तैयार कर संभावनाओं का अध्ययन करें तथा महिला स्वसहायता समूहों की सहभागिता बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रस्ताव परिषद के समक्ष प्रस्तुत करें। पालिकाध्यक्ष ने विश्वास व्यक्त किया कि महिला समूहों की भागीदारी से उद्यानों के रखरखाव की व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी तथा नगर में हरित वातावरण के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने नागरिकों से भी उद्यानों की स्वच्छता एवं संरक्षण में सहयोग करने की अपील की।


