महासमुन्द

हजारों ने दी प्री बीएड - बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा
12-Jun-2026 9:19 PM
हजारों ने दी प्री बीएड - बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा

महासमुंद, 12 जून। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल व्यापम द्वारा आयोजित प्री.बीएड एवं बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा में कल गुरुवार को जिले के 13 परीक्षा केंद्रों में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से आहुत हुई। परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही तथा सभी केंद्रों में निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया गया।

प्री बीएड परीक्षा के लिए जिले में 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इस परीक्षा में पंजीकृत 3036 अभ्यर्थियों में से 2165 उपस्थित रहे, जबकि 871 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा एक केंद्र में आयोजित हुई, जिसमें पंजीकृत 988 परीक्षार्थियों में से 735 ने परीक्षा दी और 253 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

इस प्रकार दोनों परीक्षाओं में कुल 4024 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 2900 उपस्थित एवं 1124 अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन फ्रिस्किंग एवं पहचान पत्रों का सत्यापन किया गया। निर्धारित समय के अनुसार सुबह 10 बजे शुरू हुई परीक्षा के लिए मुख्य प्रवेश द्वार सुबह 9.30 बजे बंद कर दिए गए। जिसके कारण विलंब से पहुंचे कुछ अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हो सके।

परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फ ोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं आभूषण पूरी तरह प्रतिबंधित रहे। केवल प्रवेश पत्र एवं मूल फोटो पहचान पत्र के आधार पर ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। काला अथवा नीला बॉल प्वाइंट पेन उपयोग परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को केवल करने की अनुमति दी गई। परीक्षा शुरू होने के पहले आधे घंटे तथा समाप्ति के अंतिम आधे घंटे में किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा कक्ष से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी गईं। अनुचित साधनों के उपयोग पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई थी।

अधिकारियों ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जाय लिया। सभी केंद्रों में शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा संपन्न होने जानकारी दी गई है। सुरक्षा एवं अनुशासन संबंधी व्यवस्थाओं के कारण परीक्षा प्रक्रिया बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक पूरी हुई।

 


अन्य पोस्ट