महासमुन्द

बाइक सवार गिरा, मौत
11-Jun-2026 3:17 PM
बाइक सवार गिरा, मौत

महासमुंद,11जून। जिले के भंवरपुर चौकी अंतर्गत सागरपाली रोड स्थित सांईं शोरूम के पास मंगलवार रात एक सडक़ हादसे में मोटरसाइकिल चालक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब चालक ने कथित रूप से लापरवाही एवं तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए एक महिला को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद वह स्वयं भी सडक़ पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उपचार के लिए उसे अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पिलवापाली निवासी दुलारसिंह सिदार 9 जून की रात लगभग अपनी हीरो होंडा सीडी डॉन मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी.06.बी. 0499 से भंवरपुर से अपने गांव पिलवापाली लौट रहा था।

इसी दौरान सागरपाली रोड स्थित साईं शोरूम के पास उसने कथित रूप से मोटरसाइकिल को तेज गति एवं लापरवाही पूर्वक चलाते हुए ग्राम बरतियाभांठा निवासी इंदु पटेल को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला घायल हो गई और संतुलन बिगडऩे से बाइक चालक दुलारसिंह भी सडक़ पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसे तत्काल उपचार के लिए श्याम अस्पताल भंवरपुर पहुंचाया गया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर भंवरपुर चौकी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर कार्रवाई करते हुए दुर्घटना के संबंध में अपराध दर्ज किया है। मामले में मोटरसाइकिल चालक दुलारसिंह सिदार के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की धारा 281, 125, एवं 106-1 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।


अन्य पोस्ट