महासमुन्द
महासमुंद,11 जून। सिरपुर क्षेत्र के ग्राम पासीद में 7 दिनों से लापता 60 वर्षीय सुखवंतीन यादव का शव गांव से करीब दो किलोमीटर दूर जंगल में क्षत-विक्षत हालत में मिला। शव की स्थिति को देखकर जंगली जानवर के हमले की आशंका जताई जा रही है।
मृतका के बेटे नारायण यादव ने बताया कि उनकी मां की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वे 2 जून से अचानक घर से लापता हो गई थीं। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चलने पर 4 जून को सिरपुर पुलिस चौकी में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। सिरपुर चौकी प्रभारी बलराम साहू के अनुसार कल सोमवार सुबह ग्रामीणों ने नैनीखार-कर्राडीह जंगल मार्ग पर एक शव देखा, जिसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी गई। जानकारी अनुसार मौके पर पहुंचे परिजनों ने कपड़ों और हुलिए के आधार शव की पहचान सुखवंतीं यादव के रूप में की। पुलिस के मुताबिक जंगल में कई दिनों तक पड़े रहने और भीषण गर्मी के कारण शव बुरी तरह सड़ चुका था। महिला के सिर, एक हाथ और पैर के हिस्से में केवल हड्डियां बची थीं। प्रथम दृष्टया मामला किसी हिंसक जंगली जानवर के हमले का प्रतीत हो रहा है। उक्त शव को पहले तुमगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर जिला अस्पताल महासमुंद ले जाया गया। लेकिन स्थिति गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने विस्तृत फ ोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम के लिए रायपुर मेकाहारा रेफर कर दिया।
पुलिस का कहना है कि मौत का सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।


