महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 जून। कोमाखान थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी टुहलू में सागौन पेड़ चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने ग्राम कछारडीह के सरपंच एवं बागबाहरा ब्लॉक सरपंच संघ अध्यक्ष एवन साहू समेत अन्य लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। प्रभावशाली जनप्रतिनिधि पर चोरी का मामला दर्ज होने के बाद क्षेत्र में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है।
पुलिस में दर्ज एफआईआर के अनुसार ग्राम खैरटकला निवासी किसान राधेश्याम चंद्राकर ने शिकायत में बताया कि ग्राम कछारडीह स्थित उनकी कृषि भूमि खसरा नंबर 274-2 की मेड़ पर पुराना और कीमती सागौन का पेड़ लगा हुआ था। आरोप है कि 4 जून की रात एवन साहू ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर पेड़ को अवैध रूप से कटवाकर वहां से चोरी कर लिया।
चोरी गए सागौन की अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपए बताई गई है। पीडि़त किसान ने पुलिस को बताया कि उन्होंने करीब तीन वर्ष पहले यह जमीन आरोपी एवन साहू से खरीदी थी। जमीन बिकने के बावजूद आरोपी की नजर मेड़ पर लगे सागौन के पेड़ पर बनी हुई थी। पेड़ काटने के बाद लकड़ी को चोरी-छिपे पास की एक बाड़ी में छिपाकर रखा गया था।
ग्रामीणों से सूचना मिलने पर किसान मौके पर पहुंचे और पुष्टि के बाद लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर कोमाखान पुलिस ने एवन साहू और उनके साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303-2 एवं 3-5 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस ने चोरी की लकड़ी भी बरामद कर ली है। इधर बागबाहरा वन परिक्षेत्र अधिकारी नवीन वर्मा ने बताया कि पुलिस द्वारा बरामद लकड़ी वन विभाग की सुपुर्दगी में दे दी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच रिपोर्ट और जब्ती दस्तावेज प्राप्त होते ही वन अधिनियम के तहत भी कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


