महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 जून। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ प्रांतीय इकाई द्वारा प्रमुख संगठन मंत्री ओंकार सिंह ठाकुर, प्रांताध्यक्ष संजय सिंह ठाकुर, कार्यकारी प्रांताध्यक्ष उमेश भारती गोस्वामी एवं महामंत्री मनोज राय के नेतृत्व में शिक्षा जगत से विभिन्न मांगों को लेकर सचिव स्कूल शिक्षा विभाग एवं संचालक लोक शिक्षण संचालनालय को ज्ञापन सौंपकर त्वरित निराकरण की मांग की गई।
संगठन के उप प्रांताध्यक्ष टेकराम सेन ने बताया कि प्रमुख मांगों में छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा सेवा शैक्षिक एवं प्रशासनिक संवर्ग भर्ती तथा पदोन्नति नियम 2026 के अनुसार दिनांक1 अप्रैल 2026 की स्थिति में समस्त शैक्षिक संवर्गों की वरिष्ठता सूची का प्रकाशन शीघ्र किया जाये। विभाग में कार्यरत शिक्षकों हेतु शिक्षक पात्रता परीक्षा टीईटी विभागीय स्तर पर आयोजित की जाए।
मांगों में रायपुर संभाग के पूर्व माध्यमिक प्रधान पाठकों को ई् संवर्ग की पदोन्नति, समस्त संवर्ग साहयक शिक्षक से प्राचार्य तक के लंबित समयमान वेतनमान का शीघ्र निराकरण,परीक्षा परिणामों की आड़ में अधिकारों से परे जाकर दंडित प्रताडि़त करने जैसे कृत्यों पर रोक, मांग व जांच प्रकरणों का सेवानिवृत्त के तीन माह पूर्व निस्तारण की मांग शामिल हैं।
उप प्रांताध्यक्ष टेकराम सेन ने बताया कि प्राचार्य पदोन्नति का राह देखते-देखते सैकड़ों शिक्षक सेवानिवृत्त हो गये हैं उन्हें वरिष्ठता प्रदान करने, शिक्षक एलबी ग्रंथपाल को शिक्षक एलबी संवर्ग में समायोजन, राज्य अतिथि शिक्षक के मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की मांग भी की गई है।


