महासमुन्द

दोस्त ने की थी हत्या, गिरफ्तार
04-Jun-2026 3:56 PM
 दोस्त ने की थी हत्या,  गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

महासमुंद, 4 जून। महासमुन्द पुलिस को चंद घंटे में ही हत्या की गुत्थी सुलझाने में सफलता मिली है। पुलिस के अनुसार त्रिकोणीय प्रेम में दो दोस्त दुश्मन बन गये और दोस्त ने ही दोस्त की हत्या कर शव को छुपाने का प्रयास किया और भाग निकला था। जिसे मुुखबिर की सूचना एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार एक जून को चौकी भंवरपुर में सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोंगरे भोई पिता रविलाल भोई ग्राम झारउड़ेला मृत अवस्था में गांव के रविशंकर पटेल की बाड़ी में बोर के पास पड़ा हुआ है। जिसकी मृत्यु संदेहजनक है। सूचना पर चौकी भंवरपुर में मर्ग कायम कर जांच करवाई में लिया गया, इसके बाद मौके में घटना स्थल का निरीक्षण करने पुलिस के साथ फ ॉरेंसिक टीम भी पहुंची। निरीक्षण के दौरान मृतक मोंगरे भोई के सिर में चोट से खून निकलना पाया गया। आरोपी ने एक चादर के टुकड़े से मृतक के गले को लपेटा था। शरीर पर संघर्ष के निशान मौजूद थे।

मौके से पंचनामा पश्चात शव को पीएम हेतु बसना रवाना किया गया। जहां डॉक्टरों ने शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में मृतक की मृत्यु हत्या का होना लेख किया। पुलिस ने अपराध क्रमांक 295-26 धारा 103-1 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया।

गवाहों से पूछताछ के दौरान गांव के वेद राम पटेल से मृतक मोंगरे भोई के मोबाइल पर अंतिम बातचीत होना तथा वेद राम पटेल द्वारा मोंगरे भोई को बुलाने पर वेद राम के घर जाने का पता चला।

पुलिस ने तस्दीक की तो आरोपी अपने निवास से फरार मिला। इससे पुलिस का संदेह और भी गहराया और पुलिस ने इस दिशा पर काम करना शुरू किया।

तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी वेदराम को पकड़ा गया और पूछताछ में आरोपी वेदराम ने बताया कि जिस युवती से वह प्रेम करता था, उसी से मोंगरे भोई भी प्रेम करता था और त्रिकोणीय प्रेम संबंध के कारण  मोंगरे भोई को रास्ते से हटाने की नीयत से जानलेवा हमला किया। उसके सिर एवं गर्दन में चोट पहुंचाकर उसकी हत्या कर दी।

आरोपी से मृतक का मोबाइल, लोअर एवं चप्पल बरामद हुआ जिसे आरोपी ने अलग-अलग जगहों में छिपा दिया था।  आरोपी की निशानदेही पर घटना के समय पहना कपड़ा भी जब्त किया गया। प्रकरण के अब तक के विवेचना पर आरोपी के खिलाफ  पर्याप्त साक्ष्य सबूत पाए जाने पर आरोपी को 3 जून बुधवार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड जेल दाखिल किया गया।


अन्य पोस्ट