महासमुन्द

नल जल योजना का पाइप चोरी, 8 बंदी
04-Jun-2026 3:41 PM
नल जल योजना का पाइप चोरी, 8 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 4 जून। नल जल योजना का पाइप चोरी करने वाले 8 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर चोरी की गई 4 लोहे की पाइप जब्त की गई है। बरामद पाइप की कीमत 50 हजार रुपए बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार 2 जून को प्रार्थी सुनील अग्रवाल निवासी ग्राम थाना सराईपाली ने चौकी भंवरपुर में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई कि ग्राम ललितपुर में नलजल योजना के तहत पानी टंकी का निर्माण कराकर पाइप फीटिंग की जा रही है। इसमें 8 मई और 9 मई की मध्यरात्रि अज्ञात व्यक्तियों ने पानी टंकी में लगे 6 लोहे का पाइप एवं एक लोहे का गेट वॉल्व कुल कीमती 90 हजार रुपए को चोरी कर ली है।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों क ी तलाश शुरू की गई। इस दौरान जानकारी मिली कि कुछ लडक़ों द्वारा पानी टंकी के पास रहने वाले एक व्यक्ति से घटना दिनांक की रात्रि को पाना पेंचिस मांगा गया था। सूचना पर संदेही टीकेलाल, किशोर कुमार, किशन कुमार, जयकुमार, राजू यादव, पीयूष दीवान सभी निवासी बम्हनीडीह से पूछताछ की गई। पूछताछ में सभी ने मिलकर ललितपुर में पानी टंकी में लगे नल जल योजना के लोहे के पाइप को चोरी कर पत्थर में पटक कर तोडक़र उसे सागरपाली के गणपत मिर्धा व खगेश मिर्धा के पास कबाड़ी के भाव में भेज देना स्वीकार किया।

जिस पर सागरपाली के गणपत एवं खगेस के पास से नल जल योजना में उपयोग होने वाले पाइप के टुकड़े बरामद किए गए। आरोपियों के द्वारा शासकीय योजना नल जल योजना में उपयोग होने वाले पाइप को चोरी करने क्षति पहुंचाने के संबंध में धारा 305बीएनएस तथा लोकसंपत्ति क्षति निवारण अधिनियम धारा 3 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

इस तरह आरोपी टिकेलाल दीवान, किशोर कुमार निषाद, किशन निषाद, जयकुमार निषाद, राजू यादव, पीयूष दीवान सभी निवासी बम्हनीडीह चौकी भंवरपुर थाना बसना जिला महासमुंद तथा गगनपत राम मिर्धा तथा खगेश मिर्धा सागरपाली थाना सरायपाली जिला महासमुंद चौकी भंवरपुर शामिल हैं।


अन्य पोस्ट