महासमुन्द

सोसायटियों में पर्याप्त खाद देने किसान कल घेरेंगे कलेक्टोरेट
03-Jun-2026 6:31 PM
सोसायटियों में पर्याप्त खाद देने किसान कल घेरेंगे कलेक्टोरेट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 जून।
सहकारी समितियों में पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने और किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश किसान कांग्रेस के आह्वान पर 4 जून को महासमुंद जिला मुख्यालय में विशाल किसान रैली और प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। आंदोलन के माध्यम से किसान मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे।

किसान कांग्रेस के अनुसार कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिलेभर के किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता कल गुरुवार की सुबह 11 बजे कांग्रेस भवन महासमुंद में एकत्रित होंगे। यहां संक्षिप्त सभा के बाद सभी प्रदर्शनकारी शांतिपूर्ण रैली के रूप में कलेक्ट्रेट कार्यालय तक मार्च करेंगे। छत्तीसगढ़ प्रदेश किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा मुख्य रूप से शामिल होंगे। वहीं प्रदेश द्वारा नियुक्त जिला कार्यक्रम प्रभारी राजेश पाण्डेय,राजेश मुखर्जी और सौरभ सिंह भी किसानों को संबोधित करेंगे।

जिला किसान कांग्रेस ने कहा है आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से आयोजित किया जाएगा। मांगों को लेकर प्रदर्शन रैली निकाली जावेगी और ज्ञापन के माध्यम से शासन-प्रशासन के सामने किसानों की कई बुनियादी और जरूरी मांगें रखी जाएंगी। जिनमें खरीफ सीजन के मद्देनजर सोसायटियों में पर्याप्त खाद की उपलब्धत, खेतों तक सुचारू सिंचाई व्यवस्था और कृषि कार्य के लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति, कृषि ऋण की प्रक्रिया को सरल बनाने और फसली बीमा का समय पर लाभ के अलावा फसलों का सही समर्थन मूल्य और अन्य कृषि संबंधी समस्याएं शामिल हैं।


अन्य पोस्ट