महासमुन्द

युवक की अर्धनग्न लाश मिली, हत्या की आशंका
03-Jun-2026 6:15 PM
युवक की अर्धनग्न लाश मिली, हत्या की आशंका

 सिर पर चोट के निशान, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 जून।
महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र के भंवरपुर चौकी अंतर्गत ग्राम झारउडेला अजगरखार में मंगलवार की सुबह एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने देखा कि मृतक के सिर के पिछले हिस्से में चोट के निशान हैं। उसका सिर एक चादर से बांधकर बोरवेल की केसिंग पाइप से बांधा गया था तथा शव अर्धनग्न अवस्था में पड़ा हुआ था।

घटनास्थल की परिस्थितियों को देखकर ग्रामीणों को युवक की हत्या की आशंका हैं। हालांकि मामले का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मोंगरे भोई पिता रविलाल भोई निवासी ग्राम झारउडेला के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि सोमवार शाम किसी व्यक्ति का फ ोन आने के बाद वह अपनी पत्नी से ग्राम चनाट जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन रात भर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश भी की, परंतु उसका कोई पता नहीं चल सका।  मंगलवार सुबह गांव के किसान रविशंकर पटेल के पिता ब्रश करने अपनी बाड़ी स्थित बोरवेल के पास गए तो वहां एक युवक का शव संदिग्ध हालत में पड़ा देखा। पश्चात उन्होंने आसपास के लोगों को बुलाया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने शव की पहचान गांव के ही मोंगरे भोई के रूप में की। देखते ही देखते घटना की खबर पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में फैल गई। सूचना मिलते ही भंवरपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी। जिसके बाद फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पहुंची। टीम ने साक्ष्य जुटाकर विभिन्न पहलुओं की बारीकी से जांच कर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बसना भेजा। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हो सकते हैं।

बताया जाता है कि मोंगरे भोई रविशंकर पटेल के भाई रामेश्वर पटेल के यहां बीच-बीच में मजदूरी का कार्य करता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।

पुलिस का कहना है कि घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए मामला प्रथम दृष्टया हत्या का प्रतीत हो रहा है। फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने के साथ विभिन्न पहलुओं की बारीकी से जांच शुरू कर दी।
 पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा होने की संभावना है।

सूत्रों के अनुसार पुलिस गांव की दो युवतियों और उनके पिता से भी पूछताछ कर रही है। पूछताछ के बाद जांच की दिशा तय होने तथा मामले के खुलासे की संभावना है।


अन्य पोस्ट