महासमुन्द

सुशासन तिहार शिविर की तैयारी, पालिकाध्यक्ष ने ली बैठक
31-May-2026 8:25 PM
सुशासन तिहार शिविर की तैयारी, पालिकाध्यक्ष ने ली बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 31 मई। सुशासन तिहार समाधान शिविर के आयोजन को लेकर पालिकाध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कल अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक ली। बैठक में शिविर की रूपरेखा, विभागीय दायित्वों एवं आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान पालिकाध्यक्ष निखिलकांत साहू ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासकीय आयोजन पूर्णत: प्रशासनिक एवं जनहित से जुड़े कार्यक्रम होते हैं, इसलिए इनमें किसी प्रकार की राजनीतिक भावना नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ निष्पक्ष रूप से आमजन तक पहुंचाना ही प्राथमिक उद्देश्य होना चाहिए।

पालिकाध्यक्ष ने यह भी कहा कि नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। सुशासन समाधान शिविर के आयोजन की वार्डवार सूचना समस्त पार्षदों एंव सभापतियो को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। ताकि जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके एंव आमजन तक शिविर की जानकारी प्रभावी रूप से पहुंचाई जा सके। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करना होगा।

बैठक में शिविर स्थल पर पेयजल, साफ.सफाई, विद्युत व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, शिकायत पंजीयन काउंटर एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी तैयारियां समय.सीमा में पूर्ण करते हुए शिविर में आने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

पालिकाध्यक्ष ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण करना है, इसलिए सभी विभाग गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

बैठक में प्रमुख रूप से डिप्टी कलेक्टर एंव मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनोज कुमार खांडे,उप अभियंता हेमंत पिस्दा, राजस्व प्रभारी दिलीप चन्द्राकर, स्थापना प्रभारी करण कुमार यादव, जल प्रभारी दुर्गेश कुंजेकार, स्वच्छ भारत मिशन के नौशाद बक्श, वाहन प्रभारी सुरेश तिवारी, राशनकार्ड प्रभारी जितेंद्र मोहंती आदि उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट