महासमुन्द
भागने की कोशिश करते दो तस्कर गिरफ्तार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31 मई। बसना पुलिस ने संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो वाहन से 33.050 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 16 लाख 52 हजार 500 रुपए आंकी गई है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार 29 मई को बसना पुलिस पदमपुर रोड स्थित पलसापाली बैरियर पर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रही सिल्वर रंग की बोलेरो क्रमांक ओआर 13 एच 4140 को पुलिस ने रुकने का संकेत दिया। पुलिस को देखकर वाहन में सवार दोनों युवक घबरा गए और गाड़ी मोडक़र वापस भागने का प्रयास करने लगे।
उनकी हरकतों से संदेह गहराने पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम डमरूधर डडसेना तथा धीरज कहार दोनों निवासी ओडिशा बताया। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने वाहन में बिक्री के उद्देश्य से गांजा परिवहन करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली। जांच के दौरान बोलेरो में रखी एक सफेद प्लास्टिक बोरी से गांजा बरामद हुआ। तौल करने पर बोरी सहित मादक पदार्थ का कुल वजन 33.050 किलोग्राम पाया गया। बरामद गांजे की बाजार कीमत 16 लाख 52 हजार 500 रुपए आंकी गई है।


