महासमुन्द

कर्मचारी कॉलोनी में फिर हुई चोरी
30-May-2026 3:25 PM
कर्मचारी कॉलोनी में फिर हुई चोरी

 लोगों ने दी थाने के घेराव की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 30 मई। पिथौरा के लहरौद स्थित कर्मचारी कॉलोनी में एक घर के भीतर से गैस सिलेंडर चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी की इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात अज्ञात तत्वों द्वारा कर्मचारी कॉलोनी निवासी सियाराम साहू के घर से तीन गैस सिलेंडर चोरी कर लिए गए। इससे पूर्व, करीब एक सप्ताह पहले क्षेत्र के ही निवासी रबी अग्रवाल के घर में भी चोरी की घटना दर्ज की गई थी। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस कॉलोनी में अब तक दर्जन भर से ज्यादा चोरीयां हो चुकी हैं, जिनमें अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

 नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में चोरी की वारदातों को रोकने के लिए रात्रि गश्त बढ़ाई जाए और इन घटनाओं में संलिप्त आरोपियों को शीघ्र पकड़ा जाए।

कॉलोनी वासियों ने स्पष्ट किया है कि यदि क्षेत्र में कानून व्यवस्था में सुधार नहीं होता है और चोरों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई नहीं की जाती है, तो वे विरोध स्वरूप पिथौरा थाने का घेराव करने के लिए बाध्य होंगे।


अन्य पोस्ट