महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,30 मई।नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू के निर्देशानुसार नगर पालिका प्रशासन द्वारा आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए नगर क्षेत्र की सभी छोटी.बड़ी नालियों की व्यापक सफाई अभियान चलाया जा रहा है। नगर के विभिन्न वार्डों में सफाई अमला लगातार नालियों से गाद, कचरा एवं अवरोधक सामग्री हटाने का कार्य कर रहे हैं, ताकि बरसात के दौरान जलभराव की स्थिति निर्मित न हो एवं नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि बरसात से पूर्व नालियों की सफाई नगर पालिका की प्राथमिकता है। सभी वार्डों में नियमित मॉनिटरिंग कर सफाई कार्य कराया जा रहा है तथा जहां आवश्यकता है वहां अतिरिक्त सफाई दल एवं मशीनें भी लगाई गई हैं। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे नालियों में कचरा, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री न डालें तथा नगर को स्वच्छ एवं जलभराव मुक्त बनाने में सहयोग करें। स्वच्छता प्रभारी दिलीप चन्द्राकर ने बताया कि सफाई कार्य की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है एवं संबंधित कर्मचारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर पालिका का प्रयास है कि वर्षा प्रारंभ होने से पूर्व सभी प्रमुख एवं आंतरिक नालियों की समुचित सफाई सुनिश्चित कर ली जाए।
नगर पालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में नाली जाम या सफाई संबंधी समस्या हो तो उसकी जानकारी तत्काल नगर पालिका कार्यालय को देंए ताकि त्वरित कार्यवाही की जा सके।


