महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,30मई। सूर्य की प्रचंड तपिश 45 प्लस की गर्मी से हलाकान लोगों को कल शाम पौने 5 बजे अचानक हुई बारिश ने हल्की राहत दी, लेकिन आज शनिवार सुबह से फिर से वही हालात हैं। आज भी पाारा 45 के पार है और गर्मी से हलाकान हैं। हालांकि 10 मिनट की आंधी बारिश से तापमान थोड़ा कम हुआ था। मौसम वैज्ञानिकों ने अलगे तीन दिनों में शहर सहित अंचल के मौसम परिवर्तन होने की संभावना जताई है।
मिली जानकारी के अनुसार कल शाम हुई अंधड़ बारिश के साथ ही जिले में कहीं-कहीं ओले पडऩे की खबर आई है। मालूम हो कि बीते 2-3 सालों से नवतपा के पहले ही दिन या दूसरे दिन बारिश हो जाती थी। लेकिन इस बार नौतपा ने ऐसा तपाया है कि जनजीवन खतरे में पड़ गया है। इसका असर वन्य प्राणियों और पालतू जानवरों पर भी पड़ रहा है। अंधड़ की वजह से कहीं-कहीं पर देर तक बिजली गुल रही और उमस की वजह से लोग हलाकान रहे।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आज 30 मई की शाम से महासमुंद जिले में प्री.मानसून गतिविधियां शुरू हो सकती हैं। 31 मई से 2 जून के बीच जिले में गरज-चमक, तेज आंधी और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और मध्य भारत में सक्रिय ट्रफ लाइन के कारण महासमुंद में मौसम का मिजाज बदल रहा है। जारी चेतावनी के अनुसार महासमुंद जिले में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। जिले में गर्मी का असर सबसे अधिक मजदूर वर्ग, किसान और दुपहिया वाहन चालकों पर दिखाई दे रहा है।
दोपहर के समय बस स्टैंड, बाजार और सरकारी कार्यालयों में लोगों की आवाजाही कम हो गई है। गांवों में भी लोग दोपहर में घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। कई क्षेत्रों में बिजली कटौती ने परेशानी और बढ़ा दी है। इधर किसान प्री.मानसून बारिश का इंतजार कर रहे हैं। बारिश शुरू होने के बाद खरीफ सीजन की तैयारी तेज होने की उम्मीद है।
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि शुरुआती बारिश से खेतों में नमी आएगी और बुवाई पूर्व के कार्य शुरू हो सकेंगे। मौसम विभाग ने आंधी और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने भी लगातार बढ़ती गर्मी और लू जैसे हालात के बीच लोगों को पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचने और दोपहर में बाहर निकलने से परहेज करने की सलाह दी है।


