महासमुन्द
महासमुंद की दिव्या ने सेफा में सबसे ज्यादा 27 अंक बनाए
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 मई। बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया तथा पांडिचेरी बास्केटबॉल एसोसिएशन द्वारा 76वीं जूनियर नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप बालक एवं बालिका का आयोजन 22 मई से 29 मई तक राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम पांडिचेरी में जारी है, जिसमें छत्तीसगढ़ की टीम शामिल हैं। इस टीम में महासमुंद जिले से अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी दिव्या रंगारी पिता विनोद रंगारी इमलीभांठा शामिल हैं। इस चैंपियनशिप में दिव्या ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ की टीम बेहतर प्रदर्शन करने के साथ ही फाइनल में पहुंच गई हैं।
छत्तीसगढ़ टीम ने क्वार्टर फ ाइनल मैच में महाराष्ट्र की टीम को 56-44 के अंकों से परास्त कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। छत्तीसगढ़ की टीम से चैंपियनशिप में रूमी कोनवर, अदिति कोडापे, अंजली कोडापे, अंजनी, सोफ ी सिका, दिव्या रंगारी एवं नंदनी माधो प्रधान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
सेमीफाइनल मैच छत्तीसगढ़ एवं कर्नाटक के मध्य खेला गया, जिसमें हॉफ टाइम तक छत्तीसगढ़ की टीम कर्नाटक से 31-24 अंकों से आगे रहते हुए अपनी बढ़त बनाए रखी।
तीसरे क्वॉर्टर में 48.43 अंकों से छत्तीसगढ़ ने अपनी बढ़त बनाए रखा एवं अंतिम क्वार्टर में छत्तीसगढ़ ने कर्नाटका को 67-62 अंकों से हराकर फाइनल में प्रवेश कर पदक पक्का कर लिया।
महासमुंद की दिव्या ने सेमीफाइनल में बेहतर प्रदर्शन कर सबसे ज्यादा 27 अंक बनाकर टीम को विजेता बनने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस माह दिव्या बास्केटबॉल इंडिया कैंप का हिस्सा रहीं हैं।

छत्तीसगढ़ की बालिका टीम में अंजली कोडापे कप्तान, अदिति कोडापे, अंजनी, रूमी कोनवर, सोफ ी सिका, नंदनी माधो प्रधान सभी सर्वज्ञ राव बास्केटबॉल एकेडमी राजनांदगांव, नताशा प्रजापति साई ट्रेनिंग सेंटर राजनांदगांव, दिव्या रंगारी महासमुंद, पारूल वर्मा और नित्या पांडे रायपुर, कलश झा एवं सारा सिंह भिलाई, टीम के कोच कालवा राजेश्वर राव, सहायक कोच लुमेन्द्र साहू एस ई सी आर, मैनेजर अनिता तिर्की सरगुजा जिला हैं।
छत्तीसगढ़ बालिका टीम एवं महासमुंद जिले की दिव्या रंगारी के बेहतर प्रदर्शन करने व फाइनल में प्रवेश करने पर महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, जिला बास्केटबॉल संघ महासमुंद के अध्यक्ष नुरेन चंद्राकर, चेयरमैन गौरव चंद्राकर, सचिव शुभम तिवारी, मनीष श्रीवास्तव, पुरन साहू, बादल मक्कड, खेल अधिकारी खेल एवं युवा कल्याण मनोज धृतलहरे, संतोष कुमार सोनी, किरण महाडीक, अभिषेक अंबिलकर,कुलेश्वर चंद्राकर, पिता विनोद रंगारी, माता सपना रंगारी, प्राचार्य मां गायत्री स्कूल महासमुंद विमला सागर, सुभाष मंडल, विवेक मंडल, निखिल चंद्राकर, विकास सोनी, आकाश सोनी, योजना रंगारी, तारणी साहू, सौम्या,श्रेया घोष, राइमा दास ने शुभकामनाएं दी हैं।


