महासमुन्द

बरेकेलकला के किसानों ने स्वप्रेरणा से शुरू किया जल संरक्षण कार्य
28-May-2026 3:03 PM
बरेकेलकला के किसानों ने स्वप्रेरणा  से शुरू किया जल संरक्षण कार्य

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,28मई। जिले में जल संरक्षण एवं जल संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित मोर गांव मोर पानी अभियान के तहत ग्राम बरेकेलकला में ग्रामीणों एवं किसानों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत हेमंत नंदनवार के निर्देशानुसार कल उप संचालक कृषि एफ आर कश्यप एवं मोर गांव मोर पानी अभियान ग्राम बरेकेलकला के नोडल अधिकारी द्वारा गांव पहुंचकर ग्रामीणों से सोकपिट एवं वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम निर्माण पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि सोकपिट एवं वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं के निर्माण से वर्षा जल का संरक्षण होगा, जिससे भूमिगत जल स्तर में वृद्धि के साथ भविष्य में जल संकट की समस्या को कम किया जा सकेगा।

ग्रामीणों एवं किसानों को अपने घरों, खेतों तथा सार्वजनिक स्थलों पर अधिक से अधिक जल संरक्षण संरचनाएं बनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान ग्राम में स्थित शासकीय भूमि पर जनभागीदारी से निर्मित जल अवशोषण ट्रेंच का नोडल अधिकारी द्वारा निरीक्षण भी किया गया। ग्राम बरेकेलकला की महिला कृषक ममता साहू, चिमनबाई सहित कृषक रोहितदास दीवान, पुनीतराम, भुवनेश्वर एवं डगेश्वर यादव द्वारा स्वप्रेरणा से अपने घरों एवं खेतों में सोकपिट एवं वाटर हार्वेस्टिंग टैंक का निर्माण कराया जा रहा है।


अन्य पोस्ट