महासमुन्द

10 दिन में चौथी बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाना जनता पर अत्याचार-विधायक चातुरी
26-May-2026 3:49 PM
10 दिन में चौथी बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाना जनता पर अत्याचार-विधायक चातुरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 26 मई। केंद्र सरकार द्वारा लगातार पेट्रोल-डीजल के दामों में की जा रही बढ़ोतरी पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए सरायपाली विधायक चातुरी नंद ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों और अव्यवस्थित प्रबंधन का खामियाजा आज देश की जनता भुगत रही है। कहा कि पेट्रोल में 3 रुपए 29 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 3 रुपए 11 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी सीधे तौर पर आम जनता की जेबों में डाका डालने जैसा है।

 उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी का असर सिर्फ  ईंधन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका सीधा असर माल ढुलाई, सार्वजनिक परिवहन,खेती किसानी और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं पर भी पड़ेगा।

उन्होंने कहा है कि डीजल महंगा होने से खेती की लागत बढ़ेगी, सिंचाई प्रभावित होगी और बाजार में खाद्यान्न सहित अन्य आवश्यक की कस्बों में और तेजी आएगी। देश पहले ही बढ़ती महंगाई, युवाओं में बेरोजगारी, छोटे व्यापारियों की आर्थिक परेशानी और घटती क्रय शक्ति जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि आज देश के सामने आर्थिक अस्थिरता का माहौल बन रहा है। बाजार में अनिश्चितता है, निवेश प्रभावित हो रहा है, रोजगार के अवसर कम हो रहे हैं और लगातार बढ़ती कीमतों से हर वर्ग परेशान है। इससे साफ  है कि देश एक बड़े आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है और केंद्र सरकार हालात संभालने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।

विधायक नंद ने केंद्र सरकार से मांग करते हुए कहा कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लिया जाए, बाजार में आपूर्ति सामान्य की जाए और महंगाई पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।


अन्य पोस्ट