महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 मई। एनएच 53 फ ोरलेन एवं बसना नगर के पेट्रोल पंपों में इन दिनों डीजल संकट लोगों की परेशानी का कारण बनता जा रहा है। अनेक पम्पों में पखवाड़े भर में डीजल लेने लम्बी कतारें लग रही है। हालात ऐसे हंै कि केवल वाहन चालक ही नहीं, बल्कि कृषक गण व आमजन डिब्बों में डीजल लेने घंटों लाइन में खड़े रहने मजबूर हैं। क्षेत्र के दानी फ्यूल्स, ऑटो केयर पेट्रोल पम्प, भारत पेट्रोलियम, फुलझर हाईवे, शिवाय फ्यूल्स सहित आसपास के कई पेट्रोल पम्पों में पिछले लगभग दो सप्ताह से डीजल लेने वालों की लंबी कतारें दिखाई दे रही हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह समस्या 12 मई से शुरू हुई थी, लेकिन 15 मई के बाद स्थिति और गंभीर हो गई।
बसना क्षेत्र के कई पम्पों में बीच बीच में डीजल पूरी तरह समाप्त हो जाने के कारण लोगों को एक-दो दिन बाद आने की सलाह दी जाती रही है। इससे किसानों, मालवाहक वाहनों, यात्री वाहनों और छोटे व्यवसाय से जुड़े लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। क्षेत्र में इन दिनों धान कटाई, भूमि सुधार में लगे जेसीबी ट्रैक्टर एवं खरीफ सीजन की खेती के लिए ट्रैक्टर से खेतों की जुताई करने जैसे कृषि कार्यों के लिए डीजल की आवश्यकता अधिक होती है।
इस समय कई किसान खेतों के कार्यों में व्यस्त हैं। ऐसे में डीजल की अनुपलब्धता सीधे खेती-किसानी पर असर डाल रही है। भूकेल और सिंघनपुर क्षेत्र के पेट्रोल पम्पों में डीजल नहीं मिलने पर बड़ी संख्या में किसान गिधली तोषगांव रोड स्थित पम्पों की ओर रुख कर रहे हैं, जहां रात से ही लंबी कतारें लग रही हैं।
वाहन चालकों का कहना है कि पहले जहां पांच दस मिनट में ईंधन मिल जाता था। अब कई बार एक से दो घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है। ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े लोगों का कहना है कि डीजल संकट जारी रहने से माल परिवहन भी प्रभावित हो सकता है। वहीं यात्रियों को किराए में वृद्धि का भी असर झेलना पड़ सकता है।


