महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 मई। सिंघोड़ा थाना अंतर्गत मुरमुरी के पास से पुलिस व एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए 6 किलो से अधिक के गांजा के साथ एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार ओडिशा राज्य से लगे अंतरराज्यीय चेक पोस्ट के अलावा अब अंदरुनी मार्गों मेंं भी में एन्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी पर इंड टू इंड एवं फ ाइनेंशियल इनवेस्टिगेशन,सोर्स प्वाइंट,डेस्टिनेशन प्वाइंट पर प्रभावी एवं विधिवत कार्रवाई करने की दिशा में लगातार चेंकिंग कार्रवाई की जा रही है। इसी दरमियान पुलिस को सूचना मिली कि एक महिला व एक पुरूष मुरमुरी चौक पर दो पिटठू बैग के अंदर गांजा रखकर बस का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना पर पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देशन व एसडीओपी सरायपाली के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिंघोड़ा व उनकी टीम तथा एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के द्वारा मुरमुरी चौक पहुंच कर मुखबिर के बताये हुलिया के संदिग्ध व्यक्तियों को घेराबंदी कर पकडक़र पूछताछ की गई। इस पर पुरूष ने अपना नाम पराग ध्रुव तथा महिला ने अपना नाम सायली मसराम दोनों निवासी महाराष्ट्र का बताया।
दोनों ने अपने पास रखे दो पिट्ठू बैग में 6.360 किलो ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा रखना एवं उक्त गांजा को जिला बलांगीर ओडिशा से नागपुर महाराष्ट्र खुद के लिये ले जाना स्वीकार किये। पुलिस द्वारा विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए थाने में आरोपियों से 6.360 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा जब्त, कीमत 3 लाख,18 हजार रुपए एवं 2 मोबाइल कीमत 20 हजार रुपए, कुल 3लाख, 38 हजार रुपए की सामग्रियों को जब्त किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध धारा 20बी-2 बी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया है। यह सम्पूर्ण कार्रवाई एन्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स एवं थाना सिंघोड़ा पुलिस की टीम के द्वारा की गई।


