महासमुन्द

पांच ग्रामीणों को काटने के बाद सियारों का झुंड किसान पर झपटा, बाल-बाल बचे
23-May-2026 5:58 PM
पांच ग्रामीणों को काटने के बाद सियारों का झुंड किसान पर झपटा, बाल-बाल बचे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 23 मई। महासमुंद जिले के घोघरा और आसपास के इलाकों में सियारों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। एक दिन पहले पांच ग्रामीणों को काटने की घटना के बाद अब नया मामला सामने आया है। मिली खबर के मुताबिक कल शाम खेत में काम कर रहे एक किसान पर 4 से 5 सियारों ने हमला करने की कोशिश की।

जानकारी के मुताबिक ग्राम घोघरा निवासी मनीष साहू गुरुवार रात करीब 7 से 8 बजे के बीच अपने खेत में ट्रैक्टर खेत जोत रहे थे। इसी दौरान अचानक 4 से 5 सियार उनके ट्रैक्टर के आसपास पहुंच गए और आक्रामक तरीके से हमला करने की कोशिश करने लगे। स्थिति को भांपते हुए मनीष साहू अपनी जान बचाने के लिए ट्रैक्टर की छतरी पर चढ़ गए और वहीं से परिजनों को फोन कर मदद मांगी।

बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद परिजन मौके पर पहुंचे और मनीष को सुरक्षित घर लाया। डर के कारण ट्रैक्टर अब भी

खेत में ही खड़ा है। घटना के बाद इलाके में भय का माहौल और बढ़ गया है। जानकारी के मुताबिक ग्राम घोघरा में पागल सियार का

आतंक है और कल शुक्रवार को ही उसने 5 लोगों को काटा है।

ग्रामीणों का कहना है कि घोघरा के जंगल में पानी की कमी के चलते सियार आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आ रहे हैं और अब उनका व्यवहार भी बेहद आक्रामक हो गया है। ग्रामीण इन्हें आदमखोर जैसे व्यवहार वाला बता रहे हैं।

कल सोशल मीडिया में खबर  आई कि सियार के हमले से पांच ग्रामीण जख्मी हुए हैं और सभी का इलाज सरकारी अस्पताल में हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से  तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर सियारों को पकडऩे और गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।


अन्य पोस्ट