महासमुन्द
पिथौरा, 23 मई। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृहमंत्री के संबंध में की गई कथित विवादित टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने उग्र प्रदर्शन किया। भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेशव्यापी आह्वान पर स्थानीय विश्राम गृह से बार चौक तक विरोध रैली निकाली गई और राहुल गांधी तथा छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का पुतला दहन किया गया। भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष शर्मा ने राहुल गांधी के बयान को अशोभनीय, राजनीतिक दिवालियापन और संकुचित मानसिकता का परिचायक बताया। उन्होंने कहा कि संवैधानिक पदों पर बैठे नेताओं के लिए इस प्रकार की भाषा का प्रयोग लोकतंत्र और जनमत का अपमान है।
युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष प्रियांशु दीक्षित ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण और अराजकतावादी मानसिकता का प्रतीक करार दिया। उन्होंने कहा कि देश की जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों के खिलाफ ऐसी टिप्पणी 140 करोड़ भारतीयों का अपमान है।
पुतला दहन कार्यक्रम को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग के बावजूद अपना प्रदर्शन जारी रखा और पुतला फूंकने में सफल रहे।
इस प्रदर्शन में भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष शर्मा, नगर पंचायत अध्यक्ष देवेश निषाद, उपाध्यक्ष वीरेंद्र तिवारी, प्रीतराम सूर्ये, वेदप्रकाश गोयल, सीताराम सिन्हा, मंडल महामंत्री जतिन ठक्कर और प्रियांशु दीक्षित सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।


