महासमुन्द
खल्लारी विधायकने डिप्टी सीएम साव को लिखा पत्र, तत्काल हस्तक्षेप की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 23 मई। खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के बागबाहरा ब्लॉक अंतर्गत 79 गांव इन दिनों गंभीर पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र की इस गंभीर समस्या को लेकर खल्लारी विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव ने उपमुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव को पत्र लिखकर तत्काल प्रभाव से व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
विधायक द्वारिकाधीश यादव ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि जल जीवन मिशन के तहत क्षेत्र के अनेक गांवों में आज तक बोर खनन का कार्य पूरा नहीं हुआ है। कई स्थानों पर पानी टंकियों का निर्माण अधूरा पड़ा हुआ है, जबकि अनेक गांवों में पाइपलाइन विस्तार एवं नल कनेक्शन का कार्य अब तक शुरू भी नहीं हो पाया है। परिणामस्वरूप ग्रामीणों को भीषण गर्मी में दूर-दराज से पानी लाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि कई गांवों में स्थापित पानी टंकियां अब तक चालू नहीं हो सकी हैं, कुछ स्थानों पर किए गए बोर असफल हो चुके हैं तथा कई गांवों में पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। लगातार बढ़ते जल संकट से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है और लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
टेका गांव की स्थिति सबसे चिंताजनक
विधायक श्री यादव ने टेका गांव का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि वहां आज तक बोर खनन नहीं हुआ है और पाइपलाइन का कार्य भी अधूरा पड़ा है। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीण आज भी नदी का पानी पीने को मजबूर हैं। गर्मी बढऩे के साथ गांव में पेयजल संकट विकराल रूप लेता जा रहा है।
शासन से त्वरित कार्रवाई की मांग
विधायक द्वारिकाधीश यादव ने उपमुख्यमंत्री से मांग की है कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को तत्काल निर्देशित कर सभी प्रभावित गांवों में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त कराई जाए तथा अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत आवश्यकता को लेकर शासन की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल गांवों की समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।


