महासमुन्द

बस से अफसरों का दौरा
21-May-2026 4:02 PM
बस से अफसरों  का दौरा

महासमुंद,21मई। वर्तमान ईंधन संकट और पर्यावरण चुनौतियों के बीच बसना अनुविभाग के प्रशासन ने सुशासन और मितव्ययिता का एक अनोखा उदाहरण पेश किया है। कल सुशासन तिहार शिविर में शामिल होने के लिए अफसरों की चमचमाती गाडिय़ों का काफिला नहीं, बल्कि एक सरकारी बस रखाना हुई। इस बस में एसडीएम,तहसीलदार और जनपद सीईओ सहित 23 अधिकारी-कर्मचारी एक साथ सफर कर ग्राम नगौड़ी पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील और कलेक्टर विनय लंगेह द्वारा समय-सीमा की बैठक में दिए गए फिजूलखर्ची रोकने के निर्देशों को बसना प्रशासन ने तत्काल जमीन पर उतार दिया। एसडीएम हरिशंकर पैकरा ने बताया कि अलग.अलग वाहनों के बजाय सामूहिक यात्रा करने से न केवल सरकारी ईंधन और राजस्व की बड़ी बचत हुई, बल्कि रास्ते भर शासकीय कामकाज को लेकर आपसी समन्वय और टीम भावना भी मजबूत हुई।

इस सफर में तहसीलदार केके साहू और जनपद सीईओ पीयूष ठाकुर सहित पूरी टीम ने सामूहिक बस यात्रा को बेहद सुखद और अनुकरणीय बताया। जिला प्रशासन ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे भी रोजमर्रा की जिंदगी में अनावश्यक वाहन उपयोग से बचें, कार पूलिंग और पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा दें। क्योंकि ईंधन की बचत केवल पैसा बचाना नहीं बल्कि सुरक्षित भविष्य की जरूरत है।


अन्य पोस्ट