महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 मई। छत्तीसगढ़ डॉयल-112 फेज-2, जेन-नेक्स्ट के तहत महासमुंद जिले को 15 नए 112 ईआरव्ही और 4 नए हाईवे पेट्रोलिंग अत्याधुनिक आपातकालीन सेवा वाहन मिली हैं।
जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन परेड ग्राउंड, परसदा में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में वाहनों को हरी झंडी दिखाकर थानों के लिए रवाना किया गया। सभी वाहनें अत्याधुनिक कैमरा, जीपीएस ट्रैकिंग एवं रियल-टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम से लैस हैं।
ये वाहन आने वाले दिनों में आम जनता को पुलिस, एम्बुलेंस और फायर (अग्निशमन) संबंधी किसी भी आपदा में बेहद कम समय में त्वरित सेवा प्रदान करेंगे। नए हाईवे पेट्रोलिंग वाहनों की तैनाती से राष्ट्रीय राजमार्गों पर हादसों को रोकने और आपातकालीन सहायता पहुंचाने में गति आएगी। जानकारी अनुसार छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आम जनता को त्वरित आपातकालीन सेवा एवं सुरक्षाक्रम में पूर्व में संचालित पुराने 112 ईआरव्ही वाहनों को तब्दील कर, नए 112 ईआरव्ही वाहनों के सुगम संचालन हेतु जिला मुख्यालय पुलिस लाईन परेड ग्राउंड परसदा महासमुंद में 15 नए 112 ईआरव्ही वाहन एवं हाईवे पेट्रोलिंग के लिये 04 नए वाहनों को आमजन की आपातकालीन सेवा के लिए थाना के लिए रवाना किया गया। ये सभी वाहने आने वाले दिनों में पुलिस, एम्बुलेंस और फायर संबंधी आपदा में त्वरित सेवाएं प्रदान करेगी। इन नए आधुनिक वाहनों के सडक़ पर उतरने से महासमुंद जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में पुलिस का रिस्पांस टाइम (घटनास्थल पर पहुंचने का समय) काफी कम हो जाएगा, जिससे जनमानस को चौबीसों घंटे त्वरित सुरक्षा और सहायता मिल सकेगी। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रदत्त उक्त संकटमोचक सेवा वाहनों को आज रक्षित केन्द्र महासमुंद में कार्यक्रम आयोजित कर जनप्रतिनिधिगणो एवं जिला अधिकारियों की उपस्थिति में जनमानस की सेवा के लिये रवाना किया गया।
उक्त कार्यक्रम में विधायक महासमुंद योगेश्वर राजू सिन्हा , मोंगरा पटेल जिला पंचायत अध्यक्ष, निखिलकांत साहू अध्यक्ष नगर पालिका परिषद महासमुंद, विनय लंगेह कलेक्टर महासमुंद, प्रभात कुमार पुलिस अधीक्षक महासमुंद, देवीचंद राठी नगर पालिका उपाध्यक्ष महासमुंद, राहुल चंद्राकर कोषाध्यक्ष भाजपा जिला महासमुंद, पीताम्बर ध्रुव सरपंच ग्राम परसदा, टिकेंद्र चंद्राकर समाज सेवी परसदा द्वारा उक्त नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर जिला मुख्यालय से आपातकालीन सेवा के लिए थानों के लिए रवाना किया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पांडेय, अजय शंकर त्रिपाठी अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बागबाहरा, डीएसपी चुन्नू तिग्गा, दीप्ति कश्यप रक्षित निरीक्षक महासमुंद, डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेशन सेंटर 112 एवं पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।


