महासमुन्द

बायसन के हमले से एक की मौत, दो महिलाएं गंभीर
20-May-2026 6:14 PM
बायसन के हमले से एक की मौत, दो महिलाएं गंभीर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 20 मई। बार अभ्यारण्य के समीप स्थित गांवों में एक बायसन (गौर) रे हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई है, वहीं दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। यह घटना मंगलवार सुबह 8 से 9 बजे के बीच तीन अलग-अलग गांवों गजराडीह, मुरुमडीह और रवान में हुई। जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

गजराडीह में देवेंद्र साहू पर बायसन ने अचानक हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान महासमुंद के एक निजी अस्पताल में उनकी मृत्यु हो गई।

मुरुमडीह में बायसन नेपंचबाई ठाकुर पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वहीं रवान में  गायत्री यादव पर बायसन ने हमला किया, जिससे उनके पैर में गहरे घाव आए और टांके लगाने पड़े।

दोनों घायल महिलाओं को कसडोल स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार जारी है। वहीं  वन विभाग द्वारा घायलों को प्रारंभिक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है।  ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने, घायलों का नि:शुल्क इलाज करने और वन विभाग द्वारा हिंसक बायसन को आबादी क्षेत्र से दूर खदेडऩे की मांग की है।

वन्य प्राणी पानी की तलाश में रिहायशी इलाकों की ओर

भीषण गर्मी और जंगलों में पानी की कमी के कारण वन्य प्राणी पानी की तलाश में रिहायशी इलाकों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे उनके हिंसक होने की संभावना बढ़ गई है। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि वन्यजीव की मौजूदगी को लेकर समय पर चेतावनी या अलर्ट जारी नहीं किया गया, जिससे यह दुखद घटना हुई।


अन्य पोस्ट