महासमुन्द

पेड़ से टकराई बाइक, चालक की मौत, साथी गंभीर
20-May-2026 3:14 PM
पेड़ से टकराई बाइक, चालक  की मौत, साथी गंभीर

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

महासमुंद,20मई। बसना-भंवरपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तरेकेला मोड़ के पास सोमवार को सडक़ हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक पर सवार उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के कारण मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे एक पेड़ से जा टकराई। हादसे में चालक की घटनास्थल पर ही जान चली गई।

मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी पियर सिदार कर्राभौना ने पुलिस को बताया कि 18 मई की सुबह 10.30 बजे उनका भतीजा निर्मल सिदार अपने साथियों के साथ स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल क्रं. सीजी 06 जी 3267 पर सवार होकर किसी कार्य से पिरदा गया था।

बताया जा रहा है कि कार्य पूरा करने के बाद सभी लोग वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान शाम लगभग 4 बजे जैसे ही मोटरसाइकिल ग्राम तरेकेला मोड़ के पास पहुंची, चालक निर्मल सिदार ने बाइक को तेज गति से लापरवाही पूर्वक चलाने लगा। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित हो गई और सडक़ किनारे स्थित पेड़ से सीधे जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और चालक निर्मल सिदार गंभीर रूप से घायल होकर सडक़ पर गिर पड़ा। उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर अंदरूनी चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं उसके बाइक पर पीछे बैठा उसका साथी भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल घायल को उपचार के लिए भंवरपुर स्थित श्याम अस्पताल तथा कल्पना अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका उपचार जारी है। सूचना मिलते ही चौकी भंवरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दुर्घटना को लेकर मृत बाइक चालक निर्मल सिदार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 280, 125 एवं 106-1 के तहत मामला दर्ज किया है।


अन्य पोस्ट