महासमुन्द
महासमुंद,17 मई। स्वच्छता दीदियों ने नपाध्यक्ष निखिलकांत साहू को एस एल आर एम सेंटर में सुविधाओं कीमांग करते हुए अपनी समस्याओं से अवगत कराया था। जिस पर नपाध्यक्ष निखिलकांत साहू ने समस्याओं का गंभीरता से समाधान के निर्देश दिए थे।
उक्त निर्देश के पालन में एसएलआरएम सेंटर में कार्यरत सफाई मित्रों की मांग को गंभीरता से लेते हुए कर्मचारियों की सुविधा हेतु पंखा एवं वाहन चार्जिंग प्वाइंट लगवाए गए।
सफाई मित्रों ने बताया कि गर्मी के मौसम में कार्य के दौरान अत्यधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा था तथा सेंटर में ई रिक्शा चार्जिंग की सुविधा नहीं होने से भी दिक्कतें आती थीं। कर्मचारियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए सफाई मित्रों ने नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया था। जिस पर नपाध्यक्ष श्री साहू ने एस बी एम प्रभारी को तत्काल आवश्यक व्यवस्था कराने के निर्देश दिये थे।
पालिकाध्यक्ष ने कहा कि सफाई मित्र नगर की स्वच्छता व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके कार्यस्थल पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिकता है। कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आगे भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती रहेंगी। सफाई मित्रों ने सुविधा उपलब्ध कराने पर नगर पालिका अध्यक्ष एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।


