महासमुन्द

बढ़ती महंगाई ने आम लोगों की आर्थिक स्थिति खराब कर दी-राजेंद्र तिवारी
17-May-2026 4:42 PM
बढ़ती महंगाई ने आम लोगों की आर्थिक स्थिति खराब कर दी-राजेंद्र तिवारी

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता
महासमुंद, 17 मई।
कांग्रेस नेताओं ने महंगाई, पेट्रोल-डीजल और गैस की उपलब्धता तथा उर्वरक की कमी को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेंद्र तिवारी ने कहा कि पिछले दो महीनों से देश डीजल, पेट्रोल और गैस संकट का सामना कर रहा है। बढ़ती महंगाई ने आम लोगों की आर्थिक स्थिति खराब कर दी है।  
राजेंद्र तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा उर्वरक के कम उपयोग, वर्क फ्रॉम होम अपनाने तथा तेल-गैस का कम इस्तेमाल करने संबंधी अपीलें की जा रही हैं। उन्होंने इन अपीलों की आलोचना करते हुए कहा कि आम नागरिक पहले से महंगाई और आर्थिक दबाव का सामना कर रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों से किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे खेती प्रभावित हो रही है। उनका दावा था कि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा पूरा नहीं हुआ और किसान महंगे दामों पर उर्वरक खरीदने तथा कर्ज लेने के लिए मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में लगभग 15 लाख मीट्रिक टन उर्वरक की आवश्यकता है, जबकि अब तक 51 हजार मीट्रिक टन उर्वरक ही सोसायटियों तक पहुंचा है। तिवारी ने कहा कि वर्क फ्रॉम होम की सलाह उन लोगों के लिए व्यावहारिक नहीं है जो फील्ड में काम करते हैं, मजदूरी करते हैं या छोटे व्यवसाय से आजीविका चलाते हैं। उन्होंने दावा किया कि खाद्य तेल, गैस, दाल, दूध, आटा और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि से घरेलू बजट प्रभावित हुआ है। पत्रकार वार्ता में उन्होंने वर्ष 2013 और 2026 के बीच विभिन्न वस्तुओं की कीमतों की तुलना भी प्रस्तुत की। उनके अनुसार आटा, रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल, खाद्य तेल और दालों की कीमतों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि दवाइयों और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतें बढ़ी हैं।

राजेंद्र तिवारी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने पेट्रोलियम उत्पादों पर अधिक कर लगाया है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कमी के बावजूद देश में पेट्रोल और डीजल के दाम ऊंचे बने हुए हैं। उनका यह भी कहना था कि छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में पेट्रोल-डीजल और कमर्शियल गैस की उपलब्धता प्रभावित हुई है।
उन्होंने केंद्र सरकार के खर्च और विदेश यात्राओं को लेकर भी सवाल उठाए। तिवारी ने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, जीएसटी, टोल टैक्स और रेल किराए में वृद्धि के कारण मध्यम और निम्न मध्यम वर्ग आर्थिक दबाव में है।
पत्रकार वार्ता में विधायक द्वारिकाधीश यादव, पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर और अमरजीत चावला सहित अन्य कांग्रेस नेता उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट