महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 17 मई। थाना खल्लारी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा की बिक्री और आपूर्ति से जुड़े एक आरोपी को ओडिशा के सम्बलपुर जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान ग्राम धामा निवासी सुशांता मुखी के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि थाना खल्लारी में अप.क्र. 36/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 बी में 28 मार्च 2026 को मामला दर्ज किया गया था। उस कार्रवाई में 20 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई गई थी। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त एम्बुलेंस बोलेरो वाहन सहित कुल 15 लाख 16 हजार 800 रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस के अनुसार, तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ के आधार पर मामले के कथित सोर्स पॉइंट तक पहुंचा गया। पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों सलमान खान और सिराज खान ने पूछताछ में बताया था कि गांजा ओडिशा से खरीदा गया था।
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुशांता मुखी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के बाद जेल भेज दिया गया है।


