महासमुन्द

गाज से मकान में लगी आग, सामान खाक
15-May-2026 7:34 PM
गाज से मकान में लगी आग, सामान खाक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 15 मई। जिले में बीती रात तेज अंधड़, हल्की बारिश और आकाशीय बिजली ने भारी नुकसान पहुंचाया। बागबाहरा ब्लॉक के कोमाखान तहसील अंतर्गत ग्राम बाघामुडा में आकाशीय बिजली गिरने से एक खपरैल मकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम बाघामुडा निवासी प्रज्ञानंद देवागन के खपरैल मकान पर देर रात करीब 4 बजे अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना मिलने पर महासमुंद और बागबाहरा से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

 हालांकि तब तक घर में रखा लाखों रुपए का सीट कवर का सामान और इलेक्ट्रॉनिक सामग्री जल चुकी थी। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।


अन्य पोस्ट