महासमुन्द
12वीं बोर्ड परीक्षा में नकल की जांच के आदेश, 5 दिनों में मांगी रिपोर्ट
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 14 मई। बसना विकासखंड स्थित हायर सेकेंडरी परीक्षा केंद्र स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी हिन्दी माध्यम विद्यालय, भंवरपुर में परीक्षा के दौरान कथित नकल और उससे जुड़ा वीडियो वायरल होने के मामले में लोक शिक्षण संचालनालय ने केंद्राध्यक्ष समेत पांच कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। मामले की जांच के लिए रिपोर्ट भी मांगी गई है।
मामला तब सामने आया, जब परीक्षा केंद्र में परीक्षा दे रही एक छात्रा द्वारा बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसके बाद मामले की शिकायत की गई।
‘छत्तीसगढ़’अखबार में समाचार प्रकाशन के बाद मामले में शिकायत पर हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया था।
लोक शिक्षण संचालनालय, नवा रायपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिला शिक्षा अधिकारी महासमुंद की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई। जांच में परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थियों की प्रवेश पूर्व जांच व्यवस्था में कमी पाए जाने का उल्लेख किया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, एक छात्रा इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस लेकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश कर गई और परीक्षा के दौरान वीडियो तथा ऑडियो रिकॉर्डिंग कर उसे सोशल मीडिया पर साझा किया।
मामले की जांच के दौरान यह भी सामने आया कि सरस्वती शिशु मंदिर भंवरपुर की 12वीं की छात्रा नीता जगत ने परीक्षा केंद्र में कथित नकल की शिकायत की थी। छात्रा का कहना था कि इससे मेहनत करने वाले विद्यार्थियों पर असर पड़ेगा।
छात्रा ने बाद में महासमुंद कलेक्टर जनदर्शन में लिखित शिकायत देकर अपने पास ऑडियो-वीडियो साक्ष्य होने की जानकारी दी और निष्पक्ष जांच की मांग की। कलेक्टर ने शिकायत को जिला शिक्षा अधिकारी को जांच के लिए भेजा।
इसके बाद छात्रा ने 27 अप्रैल को माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर में भी शिकायत दर्ज कराई, जिसमें मामले की जांच, संबंधित विषयों की पुनर्परीक्षा और जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की गई।
जिला शिक्षा अधिकारी से प्राप्त जांच प्रतिवेदन और निलंबन प्रस्ताव के आधार पर संचालनालय ने केंद्राध्यक्ष गंगा प्रसाद पटेल, व्याख्याता अनिरुद्ध भोई, दिनेश कुमार दास, सहायक शिक्षक एलबी दुर्गाप्रसाद पटेल तथा नियमित भृत्य विजिया बुड़ेक को निलंबित किया है।
आदेश में कहा गया है कि निलंबन अवधि के दौरान संबंधित कर्मचारियों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। सभी निलंबित कर्मचारियों का मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, महासमुंद निर्धारित किया गया है।


