महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,14 मई। बसना भंवरपुर में मंगलवार देर शाम एक सडक़ हादसे में 14 वर्षीय बालक की मौत हो गई। जबकि अन्य युवक घायल हो गए। घटना श्याम अस्पताल के सामने उमरिया रोड भंवरपुर की है। जहां अस्पताल से इलाज कराकर घर लौट रहे तीन भाइयों की मोटर साइकिल को पीछे से तेज रफ्तार बाइक चालक ने जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की विवेचना करने में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भंवरपुर बाजार पड़ाव निवासी मिशु देवांगन के उंगली की फ्रैक्चर का कुछ दिनों पहले ऑपरेशन किया गया था। मंगलवार शाम वह अपने बड़े भाई डेंटी देवांगन पिता देवप्रसाद देवांगन तथा चचेरे भाई शिवा देवांगन पिता न्यारे लाल देवांगन के साथ मोटर साइकिल से श्याम अस्पताल भंवरपुर ड्रेसिंग कराने आया था। ड्रेसिंग कराने के बाद तीनों मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। तभी शाम करीब 7.30 बजे उमरिया रोड में पीछे से आ रही तेज रफ्तार मोटर साइकिल चालक ने लापरवाही पूर्वक चलाते हुए उनकी बाइक को ठोकर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आगे चल रही बाइक में सवार तीनों सडक़ पर गिर पड़े। वहीं पीछे वाली बाइक सवार दो युवक भी अनियंत्रित होकर गिरकर घायल हो गए। लोगों की मदद से सभी पांच घायलों को श्याम अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में शिवा देवांगन को सिर और सीने में गंभीर चोटें आई थीं। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे एंबुलेंस से रायपुर रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में शिवा देवांगन की तबियत बिगड़ती गई और पिथौरा के पास रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि शिवा देवांगन अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। हादसे में घायल डेंटी देवांगन एवं मिशु देवांगन का श्याम अस्पताल भंवरपुर में उपचार जारी है। वहीं टक्कर मारने वाले मोटर साइकिल चालक एवं उसका साथी भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना करने में जुटी हुई है।


