महासमुन्द
मटका हाथ में लेकर निकाली रैली, जल संकट दूर करने की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13मई। आम आदमी पार्टी यूथ विंग के जिला अध्यक्ष खिरोद पटेल और विधान सभा क्षेत्र प्रभारी भुनेश्वर साहू के नेतृत्व में बसना नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र में गहराते जल संकट को लेकर आप कार्यकर्ताओं ने अनुविभागीय अधिकारी बसना कार्यालय का घेराव कर ज्ञापन सौंपा और समस्या के त्वरित निराकरण का आग्रह किया।
ज्ञापन सौंपते हुए जिला अध्यक्ष खिरोद पटेल ने कहा कि ग्राम नरसिंहपुर में पेयजल व्यवस्था बेहद दयनीय है। ग्रामीणों को पीने का पानी तो दूर नहाने तक के लिए तालाब में शुद्ध जल उपलब्ध नहीं है।
ग्रामीणों ने बताया कि सरपंच और सचिव द्वारा जल आपूर्ति के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। शासन ने हर गांव-शहर में पानी टंकी तो बनवा दी, लेकिन उनमें पानी ही नहीं है। ये पानी की टंकिया सफेद हाथी प्रतीत हो रही हैं।
बसना विधानसभा क्षेत्र प्रभारी भुनेश्वर साहू ने बताया कि नगर सहित कई ग्रामों और वार्डों में भीषण पेयजल संकट से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लगातार गिरते भूजल स्तर के कारण नल.जल योजना ठप है और हैंडपंपों ने भी दम तोड़ दिया है। सह प्रभारी जयप्रकाश मिश्रा ने कहा कि लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। इसके बाद आप कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड से मटका पकड़ कर नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय के सामने मटका फोड़ कर अपना आक्रोश दर्ज कराते हुए अनुविभागीय अधिकारी हरिशंकर पैकरा को महासमुन्द कलेक्टर के नाम से ज्ञापन सौंपा और चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को तेज करते हुए कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से जिलाध्यक्ष, अल्पसंख्क प्रकोष्ठ के मिलासिनी सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष हेमसागर प्रधान, जिला . उपाध्यक्ष गोपाल दास वैष्णव, पार्षद इरफान इल्लु, माधव सोना, जगतु बंजारा, संजय सोना, सुदीन सोना, सुखचैन सोना, जितेंद्र कुमार, सब लाल पटेल, जरीन खान, स्वर्णलता नंद, अंजना नंद, माधुरी नंद, सीतू सोना, बसंती नंद, महिमानंद, सारिका सोना, सुष्मिता सोना, मुस्कान नंद, शोभा सोना, फ्रांसिस, एमडी सागर, महेश कर्ष, रत्थु कोडाकु आदि उपस्थित रहे।


