महासमुन्द
घरेलू सामानों के नीचे छिपाकर करता था तस्करी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 मई। बसना पुलिस एवं एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के मुख्य सरगना को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने विश्वास मूवर्स एंड पैकर्स के संचालक अजीत शर्मा उर्फ दीवाना सेठ को गुजरात से गिरफ्तार किया हैए,जो घरेलू सामान की आड़ में एक राज्य से दूसरे राज्य तक गांजा सप्लाई करने का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी बेहद शातिर और आधुनिक तरीके से गांजा तस्करी का नेटवर्क संचालित करता था। यह गिरोह मूवर्स एंड पैकर्स के ग्राहकों के पुराने घरेलू सामान के नीचे गांजा छिपाकर उसकी सप्लाई विभिन्न राज्यों में करता था। मामले का खुलासा 28 फरवरी 2026 को हुआ था, जब बसना थाना क्षेत्र के पलसापाली बैरियर में जांच के दौरान एक अशोक लेलैंड वाहन से 274 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया था।
इस दौरान बताया गया कि वाहन में मूवर्स एंड पैकर्स के घरेलू सामान के नीचे बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान मौके से वाहन चालक रोशन यादव को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद पुलिस ने मामले की विस्तृत विवेचना शुरू की। जिसमें पूरे अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का खुलासा हुआ।
जांच में सामने आया कि इस पूरे नेटवर्क का संचालन अजीत शर्मा उर्फ दीवाना सेठ कर रहा था, जो रायपुर के कबीर नगर क्षेत्र में विश्वास मूवर्स एंड पैकर्स के नाम से व्यवसाय संचालित करता था।
पुलिस के अनुसार यह कारोबार केवल दिखावा था। जबकि उसकी आड़ में बड़े पैमाने पर गांजा तस्करी की जा रही थी।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ओडिशा निवासी गांजा सप्लायर राजू उर्फ भोलू महानंद से भारी मात्रा में गांजा खरीदता था और उसे ग्राहकों के घरेलू सामान के नीचे छिपाकर राजस्थान सहित अन्य राज्यों में सप्लाई करवाता था। राजू महानंद को पुलिस पहले ही 12 मार्च को गिरफ्तार कर चुकी है। वाहन चालक के पकड़े जाने के बाद मुख्य सरगना अजीत शर्मा फरार हो गया था और गुजरात में छिपकर रह रहा था।
पुलिस को उसकी सटीक लोकेशन की जानकारी मिलने पर थाना बसना एवं एएनटीएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुजरात में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी अजीत शर्मा उर्फ दीवाना सेठ हरियाणा का निवासी है तथा रायपुर के कबीर नगर में विश्वास मूवर्स एंड पैकर्स का संचालन करता था। मामले में पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों में रोशन यादवमध्यप्रदेश तथा राजू उर्फ भोलू महानंद ओडिशा शामिल हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी को धारा 20 ख एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


