महासमुन्द

महिला की निजी तस्वीरें फैलाईं, बंगाल से आरोपी बंदी
13-May-2026 2:56 PM
महिला की निजी तस्वीरें फैलाईं, बंगाल से आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 मई।
बसना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है जिसने महिला की निजी तस्वीरें एवं वीडियो सोशल मीडिया में वायरल कर उसे अपमानित करने का प्रयास किया था। पुलिस ने आरोपी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल तथा आपत्तिजनक डिजिटल साक्ष्य जब्त किए।

पुलिस के अनुसार बसना थाना अंतर्गत की एक महिला ने लिखित शिकायत कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर उसकी तथा उसके परिवार की अन्य महिलाओं की निजी एवं आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल कर रहा है। शिकायत पर थाना बसना में धारा 79 बीएनएस एवं 66 डी 67, 67 आईटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान पता चला कि प्रार्थिया अपने पति के साथ आंध्रप्रदेश स्थित एक मुर्गी फार्म में काम करने गई थी, जहां उसकी पहचान रोनोजीत दोलाई नामक युवक से हुई थी।
इसी दौरान आरोपी ने महिला का मोबाइल मांगकर धोखे से उसमें मौजूद निजी तस्वीरें एवं वीडियो अपने मोबाइल में ट्रांसफर कर लिए थे। बताया गया कि काम छोडक़र वापस बसना आने के बाद आरोपी महिला को लगातार फोन कर परेशान करने लगा। महिला द्वारा विरोध करने और बातचीत से इंकार करने पर आरोपी ने इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो वायरल कर दिया।
पुलिस ने साइबर साक्ष्यों एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान सुनिश्चित की। इसके बाद कार्रवाई करते हुए 12 मई को आरोपी रोनोजीत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल एवं आपत्तिजनक डिजिटल साक्ष्य भी जब्त किए।
गिरफ्तार आरोपी रोनोजीत दोलाई पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने उसे जेल भेज दिया है।


अन्य पोस्ट