महासमुन्द

सिरपुर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर गंधेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना
12-May-2026 4:23 PM
 सिरपुर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर गंधेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना

सोमनाथ मंदिर हमारे वैभव और संस्कृति का अमूल्य धरोहर-सांसद रूपकुमारी चौधरी

विधायक योग्श्वर राजू सिन्हा ने कहा धर्म और संस्कृति ही हमारी पहचान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,12 मई। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर सोमवार को प्रात: 9 बजे पुरातात्विक एवं धार्मिक नगरी गंधेश्वर महादेव मंदिर परिसर में विशेष आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य आयोजन का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया तथा भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा भगवान गंधेश्वर महादेव की पूजा अर्चना कर जिलेवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की गई।

कार्यक्रम में सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, राज्य बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, जिला स्काउट एवं गाइड संघ के अध्यक्ष येतराम साहू,दाऊलाल चंद्राकर, सरपंच पुष्पा माली, कलेक्टर विनय लंगेह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि सोमनाथ केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि भारत की सनातन संस्कृति, आत्मगौरव और अटूट आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हजार वर्षों के संघर्ष और अनेक आक्रमणों के बावजूद सोमनाथ मंदिर आज भी अडिग खड़ा है, जो भारतीय सभ्यता की अमर चेतना और सांस्कृतिक शक्ति को दर्शाता है। उन्होंने युवाओं से अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुडऩे का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि सोमनाथ पहला ज्योतिर्लिंग है। आक्रांताओं द्वारा सन 1026 में बार-बार आक्रमण किया। लेकिन हर बार महारानी अहिल्या बाई होलकर ने इसके वैभव को बरकरार रखा। उन्होंने कहा कि धर्म की रक्षा हम करेंगे तो धर्म हमारी रक्षा करेगा। सोमनाथ बहुत बड़ा पर्यटन का केंद्र था। माता अहिल्या बाई होलकर ने बार-बार जीर्णोद्धार किया और उसके वैभव को बरकार रहा। अंत में धर्म और सत्य की जीत हुई।

विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व राष्ट्र की सांस्कृतिक चेतना और गौरव का महापर्व है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन हमें हमारे इतिहास, त्याग और सभ्यतागत मूल्यों की याद दिलाता है तथा आने वाली पीढिय़ों को भारतीय संस्कृति से जोडऩे का माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि धर्म और संस्कृति पर जिसने भी हमला किया उसे हमारे धर्म और संस्कृति ने ही बचाया। इसकी रक्षा करना हमारा परम कर्तव्य है। हमें अपने धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।

अतिथियों ने कार्यक्रम में सोमनाथ से सीधा प्रसारण कार्यक्रम देखा। अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा पटेल, जनपद अध्यक्ष दिशा दीवान, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवी चंद राठी,प्रशांत श्रीवास्तव, अरविंद प्रहरे,राहुल चंद्राकर, आनंद साहू, जनपद सीईओ बीएस मंडावी, जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा सहित जनप्रतिनिध, श्रद्धालु और आम नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद थे।


अन्य पोस्ट