महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12मई। सांकरा के साप्ताहिक सब्जी बाजार में खरीदारी करने पहुंचे चार लोगों के मोबाइल अज्ञात चोरों ने पार कर दिए। पश्चात पीडि़तों ने सांकरा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
जानकारी के अनुसार ग्राम भोकलूडीह निवासी खीरसागर साहू 8 मई को शाम 4 बजे सांकरा के साप्ताहिक बाजार में सब्जी खरीदने पहुंचे थे। इस दौरान उनके शर्ट के जेब में रखा वन प्लस कंपनी का मोबाइल जिसकी कीमत लगभग 25 हजार रुपए को अज्ञात ने भीड़ का फायदा उठाकर चोरी कर लिया। जब खीरसागर साहू ने खरीदारी के दौरान जेब में हाथ डाला तो मोबाइल गायब मिला। उन्होंने तत्काल आसपास खोजबीन की लेकिन मोबाइल नहीं मिला।
इसी दौरान बाजार में मौजूद अन्य लोगों ने भी अपने मोबाइल चोरी होने की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि ग्राम बड़ेटेमरी निवासी टेकनाथ भोईए ग्राम चिखली थाना पिथौरा निवासी प्रकाश विशाल तथा ग्राम देवसराल निवासी अभेष निषाद की मोबाइल भी उसी दौरान किसी अज्ञात ने चोरी कर लिया। एक ही समय में तीन लोगों के मोबाइल गायब होने से बाजार में हडक़ंप मच गया और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। पीडि़तों ने सांकरा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 303-2 के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।


