महासमुन्द

शिक्षक एलबी संवर्ग ने विधायक को सौंपा ज्ञापन
11-May-2026 4:28 PM
शिक्षक एलबी संवर्ग ने  विधायक को सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बागबाहरा, 11 मई। प्रदेश शिक्षक कल्याण संघ, बागबाहरा के बैनर तले वर्ष 1998-99 में नियुक्त शिक्षक एलबी संवर्ग के कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर खल्लारी विधायक  द्वारिकाधीश यादव को ज्ञापन सौंपा। शिक्षकों ने उच्च न्यायालय के आदेशों के आधार पर प्रथम नियुक्ति तिथि से पुरानी पेंशन और अन्य लाभ दिए जाने की मांग की। विधायक ने उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

संघ के पदाधिकारियों ने ज्ञापन में कहा कि वर्ष 1998-99 में उनकी नियुक्ति नियमित पदों के विरुद्ध हुई थी। उनके अनुसार, वर्ष 2001 में नियमितिकरण और 2018 में शिक्षा विभाग में संविलियन किया गया।

शिक्षकों का कहना है कि भारत सरकार के वर्ष 2020 के आदेश के अनुसार 2004 से पूर्व नियुक्त अस्थायी या संविदा कर्मचारियों को नियमित होने पर पुरानी पेंशन का लाभ दिया जा रहा है, लेकिन छत्तीसगढ़ में शिक्षक एलबी संवर्ग को इसका लाभ नहीं मिला है।

संघ के पदाधिकारियों ने दावा किया कि बड़ी संख्या में शिक्षक सेवानिवृत्ति के करीब हैं और कई शिक्षकों का निधन हो चुका है। उनका कहना है कि पेंशन और ग्रेच्युटी नहीं मिलने से प्रभावित परिवारों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने याचिका क्रमांक ङ्खक्कस् 647/2021 और 325/2026 में शिक्षकों के पक्ष में निर्णय दिया है। संघ का कहना है कि इन आदेशों को अब तक लागू नहीं किया गया है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान खेदूराम चंद्राकर, पिताम्बर बंजारा, भोपाल बंजारा, शिवनारायण तिवारी, जगदीश पटेल, रामजी टंडन, प्रेमचंद डडसेना, पंचराम पांडे, भेखलाल सेन, बलराम चंद्राकर, उदेशराम निराला, ऋतु साहू, सुखराम मिर्धा, लीलाचंद पटेल और भरत तंबोली सहित अन्य शिक्षक उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट