महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,11मई। जिले में अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ पुलिस ने मोर्चा खोल दिया है। विशेष अभियान के तहत सरायपाली, बागबाहरा, पटेवा और महासमुंद पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध महुआ और देशी शराब के ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में शराब और शराब बनाने के उपकरण जब्त किए हैं।
अभियान के दौरान सबसे बड़ी सफलता सरायपाली पुलिस को मिली। पुलिस ने करगीपाली क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी मोतीलाल बरिहा को गिरफ्तार किया। मौके पर पुलिस ने 200 लीटर हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब जब्त की। 1000 किलो महुआ पास कच्चा माल को मौके पर ही नष्ट कर दिया। शराब बनाने के बड़े बर्तन और ड्रम जब्त किए गए।
महासमुंद शहर में शराबियों को सुविधा उपलब्ध कराने वाले अवैध चखना ठेला और गुमटी संचालकों पर भी पुलिस ने सख्त एक्शन लिया। नयापारा, तुमाडबरी और शंकर नगर क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पिलाने की सुविधा देने वाले 04 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 36सी के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने सरायपाली के मोतीलाल, आकाश साहू, ओमप्रकाश को 211 लीटर शराब, 1 हजार केजी महुआ पास, शराब बनाने के बर्तन, बागबाहरा जीतू ठाकुर को 1800 एमएल देशी शराब पटेवा, दयालु पटेल को 3240 एमएल देशी शराब, महासमुंद से अली कमर, कुलेश्वर, नोहर, राजकुमार को चखना सेंटर का संचालन करते और शराब परोसते गिरफ्तार किया है। इस अभियान के तहत अब तक कुल 7157 लीटर से अधिक शराब जब्त किया गया है। जिनकी कीमत 20लाख, 43 हजार 450 रुपए आंकी गई है। 588 मामले दर्ज किए गए हैं। जिनमें 661 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई।


