महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 मई। प्रदेश नगरीय निकाय कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने गरियाबंद के पुलिस अधीक्षक और देवभोग थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर एक इंजीनियर की गिरफ्तारी की मांग की है। ज्ञापन में महासमुंद जिले के कर्मचारी भी शामिल रहे।
संघ के अनुसार, देवभोग नगर पंचायत में पदस्थ सहायक ग्रेड-03 कर्मचारी संदीप चंद्राकर के साथ नगर पंचायत कार्यालय में मारपीट और गाली-गलौज की घटना हुई। आरोप है कि इस घटना में इंजीनियर आर. श्याम सुंदर पटनायक और उनके साथ मौजूद कुछ अन्य लोग शामिल थे।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेश सोनी ने कहा कि कर्मचारी संगठन इस घटना का विरोध करता है और मामले में संबंधित आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करता है। उन्होंने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर गिरफ्तारी नहीं होती है तो कर्मचारी संगठन देवभोग थाना का घेराव करेगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रदेश महामंत्री सुभाष सोनकर, बस्तर संभाग महामंत्री विनोद यादव, महासमुंद जिला उपाध्यक्ष कमलजीत सलूजा, प्रदेश प्रवक्ता ललित साहू सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


