महासमुन्द

सोलर प्लांट निर्माण का विरोध, ग्रामीणों और पुलिस के बीच झूमाझटकी
10-May-2026 3:49 PM
सोलर प्लांट निर्माण का विरोध, ग्रामीणों और पुलिस के बीच झूमाझटकी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 10 मई। ग्राम जंगलबेड़ा में निर्माणाधीन गोदावरी सोलर प्लांट को लेकर ग्रामीणों का विरोध जारी है। गुरुवार को प्लांट से जुड़े भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के प्रयास के दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच विवाद एवं धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।

ग्रामीण पिछले कुछ महीनों से प्लांट निर्माण का विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, फरवरी से प्लांट स्थल के पास अनिश्चितकालीन धरना जारी है। उनका कहना है कि अब तक प्रशासन की ओर से उनकी मांगों पर कोई समाधान नहीं निकाला गया है।

पुलिस के अनुसार, ग्रामीणों ने एक सार्वजनिक मार्ग को अवरुद्ध कर दिया था, जिससे आवाजाही प्रभावित हो रही थी। नीतेश सिंह ठाकुर ने बताया कि दुर्घटना की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों से रास्ता खाली करने को कहा गया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने किसी प्रकार की जबरदस्ती नहीं की। थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि सडक़ को नुकसान होने की स्थिति में संबंधित विभाग द्वारा प्लांट प्रबंधन से जुर्माना वसूला जा सकता है, लेकिन सडक़ अवरुद्ध करना उचित नहीं है।

वहीं, आंदोलनरत ग्रामीणों का आरोप है कि सोलर प्लांट प्रबंधन द्वारा बिना ग्रामसभा की अनुमति के लगभग 400 एकड़ भूमि पर निर्माण कार्य किया जा रहा है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण के दौरान पेड़ों की कटाई की गई है और तालाब तथा निस्तारी भूमि प्रभावित हुई है।

ग्रामीणों के अनुसार, निर्माण कार्य में लगे भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से सडक़ सुरक्षा और सडक़ की स्थिति प्रभावित हो रही है। इस संबंध में ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सरायपाली और थाना प्रभारी को आवेदन देकर जानकारी दी थी कि संबंधित सडक़ प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत निर्मित है और वहां 15 टन से अधिक भार वाले वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित है। ग्रामीणों का कहना है कि भारी वाहनों की आवाजाही जारी रहने के कारण उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गए, जिसके दौरान बहस और तनाव की स्थिति बनी।


अन्य पोस्ट