महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,10 मई। राष्ट्रीय राजमार्ग 53 फोरलेन पर ग्राम साल्हेतराई के पास शनिवार दोपहर एक बड़ा सडक़ हादसा हो गया। रायपुर से सरायपाली की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सडक़ किनारे खड़े थ्रेसर मशीन से जुड़े ट्रैक्टर को ठोकर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे खेत में जा घुसा। हादसे के समय ट्रैक्टर में बैठे मजदूर खेत जाने की तैयारी कर रहे थे। इस हादसे में तीन मजदूर घायल हो गए, जिनमें एक मजदूर का हाथ पूरी तरह फ्रैक्चर हो गया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है। जबकि दो अन्य मजदूर का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना में इलाज किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम साल्हेतराई के पास धान थ्रेसर कार्य के लिए थ्रेसर मशीन से जुड़ा ट्रैक्टर सडक़ किनारे खड़ा था। मजदूर ट्रैक्टर चालक के आने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान रायपुर से सरायपाली की ओर आ रहा एक ट्रक तेज गति से वहां पहुंचा। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सीधे खड़े ट्रैक्टर.थ्रेसर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर में बैठा मजदूर उछलकर गिर पड़ा और ट्रक खेत में जा घुसा। हादसे में ग्राम साल्हेतराई निवासी विश्वजीत बरिहा 50 वर्ष, पिता आशाराम बरिहा गंभीर रूप से घायल हो गया। उनके दाहिना हाथ फ्रैक्चर हो गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया। वहीं इस दुर्घटना में रसिक निषाद 52 वर्ष, पिता कुनाऊ निषाद के सिर और दाहिने पैर में चोटें आई हैं।
जबकि बष्टम यादव 32 वर्ष पिता साधुराम यादव भी घायल हुए हैं। दोनों घायलों का उपचार बसना अस्पताल में जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस 112 और लेंस तत्काल मौके पर पहुंची। हादसे के बाद घटनास्थल का माहौल बना रहा।


