महासमुन्द

एम्बुलेंस से 77 किलो गांजा जब्त, महाराष्ट्र के 5 बंदी
09-May-2026 4:07 PM
एम्बुलेंस से 77 किलो गांजा जब्त, महाराष्ट्र के 5 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,9 मई। महासमुंद जिले में शुक्रवार को पुलिस ने एम्बुलेंस से 77 किलो गांजा जब्त किया है। इसके साथ महाराष्ट्र  के 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा पुलिस ने पायलेटिंग कार और 5 मोबाइल भी जब्त किया है। जब्त माल की कुल कीमत 50.45 लाख आंकी गई है।

मालूम हो कि इससे एक दिन पहले ही पुलिस ने पिकअप से 1.14 करोड़ का गांजा बरामद किया था। इस मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार किए गए थे। इस तरह 2 दिनों में पुलिस ने डेढ़ करोड़ से ज्यादा का गांजा पकड़ा है।

ज्ञात हो कि 4 महीने पहले भी पुलिस ने एम्बुलेंस से 5 क्विंटल 20 किलो गांजा जब्त किया था। इस समय जब्त गांजे की कीमत 2 करोड़ 60 लाख रुपए बताई गई थी। इन तीनों ही मामलों में तस्कर ओडिशा से गांजा लेकर महासमुंद के रास्ते महाराष्ट्र ले जा रहे थे।

इस बार कोमाखान थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से महासमुंद की ओर एम्बुलेंस में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने टेमरी जांच नाका पर घेराबंदी की। इस दौरान एम्बुलेंस को रोका गया। इसके अलावा पुलिस ने एक पायलटिंग कार को भी रोका। वाहनों की तलाशी और पूछताछ के दौरान एम्बुलेंस से करीब 77 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को मौके से हिरासत में लिया। सभी आरोपियों के खिलाफ  एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 ख और 29 के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया।

               गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एंबुलेंस चालक आकाश उर्फ  अक्षय जाधव  जिला धाराशिव महाराष्ट्र , पायलटिंग कार में सवार अन्य आरोपी लिंबाजी जाधव, जिला धाराशिव, धनंजय लोखंडे  जिला सोलापुर, प्रथमेश पिंगले जिला सोलापुर महाराष्ट्र  और अजय काले  जिला धाराशिव निवासी शामिल हैं।

 जब्त किए गए 77 किलोग्राम गांजा की कीमत लगभग 38 लाख 50 हजार, एम्बुलेंस की करीब 8 लाख, पायलटिंग कार की कीमत करीब 3 लाख और पांच मोबाइल की कीमत लगभग 95 हजार रुपए आंकी गई है। इस प्रकार पुलिस ने 50.45 लाख का माल बरामद किया गया है।


अन्य पोस्ट